बेल्थरारोड। रेलवे स्टेशन के पूर्वी केबिन कुंडैल ढाला रेल फाटक के एक तरफ का लॉक शनिवार की शाम फंस गया। इससे वाहनों का जाम लग गया। शाम को देवरिया सलेमपुर की तरफ से पैसेंजर ट्रेन ज्यों ही बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ी तो उसी केबिनमैन ने कुंडैल रेल क्रासिंग का रेल फाटक खोल दिया।
एक तरफ का रेल फाटक तो खुल गया लेकिन तकनीकी गड़बड़ी के कारण दूसरी तरफ का रेल फाटक बंद रहा। इसके कारण एक तरफ से दर्जनों दोपहिया और चार पहिया वाहन सीधे रेल पटरी पर आ गए। संयोग ठीक रहा कि इस रूट पर दूसरी ट्रेन आने से पहले ही रेल फाटक को दुरुस्त कर लिया गया। अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता।
इस बीच दोनों तरफ से वाहनों के हार्न का शोर होने लगा। केबिनमैन ने तत्काल इसकी सूचना रेल अधीक्षक को दी। करीब 25 मिनट बाद फाटक के मैकेनिक के आने के बाद रेल फाटक को दुरुस्त किया। इसके बाद लोगों को जाम से निजात मिल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।