बैरिया। थाना क्षेत्र के कर्णछपरा गांव के निकट एनएच 31 स्थित पेट्रोल पंप के निकट खड़े ट्रक पर सो रहा परिचालक सुरेंद्र पटेल (35) की ट्रक के छत से गिरकर सोमवार की रात मौत हो गई। परिचालक के भाई ट्रक चालक सुरेश पटेल ग्राम रामपुर टिटही थाना दुबड़ह ने बैरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराया कि मैं ट्रक लेकर बलिया से शिवन टोला जा रहा था। देर रात हो जाने के कारण हमलोग पेट्रोल पंप के पास ट्रक खड़ा कर दिए। मैं ट्रक के केबिन में व मेरा बड़ा भाई ट्रक की छत पर सो गया। रात में लघुशंका के लिए उठा तो ऊपर से बिजली का तार गया था जिसके चपेट में आकर झुलस गया और ट्रक से नीचे गिर गया जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।