बैरिया। अमृत भारत रेलवे स्टेशनों के तहत चयनित सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के इंक्वायरी ऑफिस का ताला 10 दिन बाद खुला। रेल विभाग के अनुसार इंक्वायरी ऑफिस के लिए अभी तक कॉन्ट्रैक्ट नहीं हुआ है। 15 से 20 जून के अंदर काॅन्ट्रैक्ट हो जाएगा। तब तक के लिए अस्थाई व्यवस्था बलिया के डीसीआई राजेंद्र शर्मा ने की है। 22 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन पर किए गए विकास कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण किया था। पांच जून तक सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक इंक्वायरी ऑफिस खुलता रहा। इसके बाद शाम छह बजे से सुबह छह बजे तक ताला लटका हुआ रहता था। अचानक छह जून से इंक्वायरी ऑफिस के गेट पर ताला लग गया। इससे इंक्वायरी सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। यात्रियों ने आक्रोश व्यक्त कर रेल के उच्चधिकारियों से शिकायत भी की थी। शनिवार को सुबह सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन का इंक्वायरी ऑफिस एक बार फिर खुल गया। इंक्वारी ऑफिस में कार्य करने वाले व्यक्ति ने बताया कि अभी सुरेमनपुर स्टेशन का कॉन्ट्रैक्ट नहीं हुआ है, जल्द होने वाला है। फिलहाल डीसीआई ने अस्थाई रूप से सुरेमनपुर का इंक्वायरी ऑफिस का संचालन करने के लिए भेजा है।