जिला अस्पताल में मरीजों का उपचार करते चिकित्सक।संवाद
बलिया। मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच जिले में मौसमी बीमारियों का असर बढ़ने लगा है। गले में खराश, सर्दी-जुकाम के बाद तेज बुखार और खांसी की शिकायत लोगों को परेशान कर रही है। जिला अस्पताल में सोमवार को छुट्टी होने के कारण 1128 से अधिक मरीज ओपीडी में पहुंचे थे। इनमें सर्दी-जुकाम, गले में खराश और बुखार की शिकायत वाले मरीजों की संख्या अधिक रही। सांस संबंधी परेशानी होने पर मेडिकल वार्ड में आठ और इमरजेंसी में दो मरीजों को भर्ती करना पड़ा। बच्चों में भी संक्रमण का असर देखा जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, कई लोगों में गले में खराश व सर्दी-जुकाम से बीमारी की शुरुआत हो रही है। इसके बाद बुखार, सूखी खांसी, सिरदर्द और शरीर में दर्द की शिकायत सामने आ रही है। आईएमडी पोर्टल के अनुसार अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम 18.07 डिग्री सेल्सियस है, आने वाले दो से तीन दिन में न्यूनतम तापमान 19 से 27 डिग्री तक रह सकता है। 28 से 30 अक्तूबर के बीच बादल छाने और बारिश की संभावना है। ऐसे में मौसम में बदलाव के साथ सेहत के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है।