जिले में बुधवार को पुलिस ने झंडा दिवस मनाया और पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर रिजर्व पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिदेशक के संदेश को पढ़कर सुनाया। एसपी ने जवानों को झंडा लगाते हुए उसके महत्व के बारे में बताया।
एसपी ने ध्वजारोहण कर समस्त पुलिस अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को पुलिस महानिदेशक का संदेश सुनाते हुए उनके दायित्वों का बोध कराया। उन्होंने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए पुलिस ध्वज की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में जनपद के सभी थानों और चौकियों में ससम्मान ‘‘पुलिस झंडा दिवस’’ मनाया गया। उधर, पुलिस विभाग की ओर से पुलिस अधिकारियों व जवानों के लिए सत्यमेव जयते का लोगो जारी किया गया है जिसे आज सभी ने अपनी वर्दी पर लगाया। अधिकारियों ने बताया कि अब यह लोगो हमेशा पुलिस अधिकारी से लेकर जवानों तक की वर्दी पर रहेगा।
बेल्थरारोड। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर बुधवार को उभांव इंस्पेक्टर राजीव कुमार मिश्र ने थाने पर ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने थाने व पुलिस चौकी के सभी पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह ध्वज हमारे चरित्र को दर्शाता है। हमारे गौरवशाली इतिहास का भी प्रतीक है। जिससे हमने देश सेवा व लोक सेवा में अपने कौशल, शौर्य व कर्तव्य परायणता से अप्रतिम योगदान दिया है। कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस पूरे भारतवर्ष का प्रथम राज्य पुलिस बल है, जिसे पुलिस ध्वज प्रदान किया गया है। इस मौके पर सीयर चौकी प्रभारी मदनलाल, उप निरीक्षक चन्द्रशेखर यादव, उप निरीक्षक राकेश कुमार, कांस्टेबल राम सिंह, पंकज सिंह, अंकुर वर्मा, प्रदीप मद्धेशिया, रामजन्म गुप्ता, प्रेम पटेल, विकास कनौजिया आदि रहे।
23 नवंबर को मनाया जाता है झंडा दिवस
बता दें कि प्रतिवर्ष 23 नवंबर को यूपी में पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है। उत्तर प्रदेश पुलिस प्रथम राज्य पुलिस बल है। 23 नवम्बर, 1952 को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री द्वारा पुलिस ध्वज प्रदान किया गया। आज ही के दिन पीएसी बल को भी ध्वज मिला था। ध्वज का आकार चार फीट लंबा व तीन फीट चौड़ा, ध्वज में दो रंग है। इसमें ऊपर लाल रंग व नीचे नीला रंग है। इसी दिन पीएसी बल को भी ध्वज प्रदान किया गया था।
झंडा दिवस पुलिस विभाग के लिए एक गौरव का दिन होता है। वर्ष 1952 में सबसे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस को ही झंडा प्रदान किया गया था। यह दिन पुलिस विभाग के गौरवशाली दिन होता है। आमलोगों से सहयोग की अपेक्षा है ताकि पुलिस मेहनत के बल पर झंडा को और ऊंचा कर सके। अब वर्दी पर हमेशा सत्यमेव जयते का लोगो भी रहेगा।
- दुर्गा प्रसाद तिवारी, एएसपी, बलिया।
झंडा दिवस हर वर्ष मनाया जाता है जो पुलिस के लिए गौरवशाली दिन होता है। सत्यमेव जयते का नया लोगो मिलना भी गर्व की बात है, यह हमेशा वर्दी पर लगा रहेगा।
- जितेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी, नगर
झंडा दिवस पुलिस विभाग के लिए गौरव का दिन होता है। सत्यमेव जयते का नया लोगो भी पुलिस के अधिकारियों व जवानों के लिए गर्व की बात है। इसे वर्दी पर हमेशा लगाया जाएगा।
- प्रवीण कुमार सिंह, नगर कोतवाल, बलिया
झंडा स्मृति दिवस पर सत्यमेव जयते का लोगो लगाया गया है। यह लोगो अब हमेशा वर्दी पर रहेगा और हमें अपने कर्तव्यों का बोध भी कराता रहेगा। यह दिन जवानों के लिए गौरवशाली दिन होता है।
- प्रवेश दिनकर, कांस्टेबल