बलिया। युवा कल्याण विभाग की ओर से पांच अगस्त को युवा उत्सव का आयोजन नगर के महावीर घाट स्थित गायत्री शक्तिपीठ में किया जाएगा। इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं। कार्यक्रम में लोकगीत व लोकनृत्य की विभिन्न विधाओं का समागम होगा। इसमें 15 से 29 वर्ष के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे।
जिला युवा कल्याण अधिकारी रामानुज यादव ने बताया कि युवा उत्सव का आयोजन पांच अगस्त को किया जाएगा। कार्यक्रम के लिए प्रभारी अधिकारी की तैनाती कर दी गई है और सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया गया है। युवा उत्सव का उद्देश्य कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देना है इससे युवाओं में अध्ययन के अतिरिक्त सांस्कृतिक एवं विविध कलाओं और साहित्य की क्षमताओं का विकास होता है। प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल विकास दल एवं युवा कल्याण विभाग के महानिदेशक के निर्देश पर जिले में युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी ने बताया कि पांच अगस्त को युवा उत्सव कार्यक्रम कराने की तिथि निर्धारित की गई है। कार्यक्रम का आयोजन नगर के महावीर घाट स्थित गायत्री शक्तिपीठ के हॉल में होगा।
युवा उत्सव में इन कार्यक्रमों का होगा आयोजन
बलिया। युवा उत्सव में लोकनृत्य (फोक डांस), लोकगीत (फोक सांग), एकांकी (वन-एक्ट-प्ले), क्लासिकल वोकल (हिंदुस्तानी), सितार वादन, बांसुरी वादन, भरतनाट्यम नृत्य, कत्थक नृत्य, तबला वादन, वीणा वादन, मृदंगम वादन, हारमोनियम लाइट, गिटार वादन, एक्सटेम्पोर, कर्नाटक वोकल, मणिपुरी नृत्य, ओडिसी नृत्य, कुचिपुड़ी नृत्य के साथ ही साथ स्थानीय स्तर पर लोकप्रिय परंपरागत कार्यक्रम होंगे।