बलिया। पीएम श्री योजना के अंतर्गत जिले के 17 विद्यालयों की सूरत सुधारी जाएगी। इसके लिए पूरी योजना तैयार हो गई है। इनमें तीन करोड़ 40 लाख रुपये से गणित, विज्ञान, कंप्यूटर की प्रयोगशाला के अलावा स्मार्ट क्लास और खेल के मैदान तैयार कराए जाएंगे।
जिला समन्वयक निर्माण सत्येंद्र राय ने बताया कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत जिले के प्रत्येक ब्लॉक से एक विद्यालय का चयन किया गया है। चयनित विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए स्मार्ट क्लास के अलावा गणित, विज्ञान और कंप्यूटर की प्रयोगशाला का निर्माण और जगह के अनुसार खेल के मैदान तैयार कराया जाएगा। विभाग की ओर से विद्यालयों की सर्वे कर निर्माण के बजट का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
एक विद्यालय पर खर्च होंगे 20 लाख रुपये
विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगभग 20 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। 17 विद्यालयों पर 3.40 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। जिला समन्वयक ने बताया सर्वे के बाद धनराशि घट या बढ़ भी सकती है। प्रस्ताव तैयार कर शासन को बजट की मांग भेजी जाएगी।