बलिया। नई औद्योगिक नीति के तहत बलिया जिले को 200 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य के सापेक्ष 182 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है। जिले में एमएसएमई के क्षेत्र में 107 करोड़ रुपये के नए प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं, जिनको निवेश सारथी पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। इसके अलावा, 75 करोड़ रुपये के प्रस्ताव और प्राप्त हुए हैं, जिनको अभी पोर्टल पर अपलोड किया जाना है।
उपायुक्त उद्योग एसके सिंह ने बताया कि बलिया में निवेश को लेकर निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई है। दूसरे जनपदों के निवेशक भी यहां निवेश के लिए तैयार हैं। कुछ अन्य निवेशकों ने भी यहां निवेश करने के लिए अपनी इच्छा जाहिर की है। इनसे शीघ्र ही एमओयू साइन कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर 10 से 12 फरवरी 2023 को लखनऊ में ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए व्यापारियों और निवेशकों की ओर से प्रस्ताव दिया जा रहा है। निवेश बढ़ने के साथ ही युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। अब जिन निवेशकों की ओर से निवेश के लिए प्रस्ताव दिया गया है, उनमें सबसे अधिक हरेंद्र सिंह ने 50 करोड़ रुपये एजूकेशन सेक्टर में निवेश करने का प्रस्ताव दिया।
सविता वर्मा ने फूड प्रोसेसिंग के लिए 20 करोड़, अंजली इंडस्ट्री के लिए 20 करोड़ का प्रस्ताव दिया गया है। कृषि यंत्र बनाने वाली हीरा इंडस्ट्री ने भी 10 करोड़ का प्रस्ताव दिया है। ओडीओपी के तहत बिंदी उद्योग के लिए राशिद शेख ने 15 करोड़ का प्रस्ताव दिया है। उन्हें 12 करोड़ से लेड लाइट एंड बैट्री असेंबलिंग के लिए भी प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा, पाइप मैन्यूफैक्चरिंग के लिए भी 10 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया गया है।
पहले से प्रस्ताव देने वालों को मिलेगा लाभ
बलिया। उपायुक्त (उद्योग) ने बताया 10 से 13 फरवरी 2023 तक ग्लोवल इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जाएगा। इंवेस्टर्स समिट में जिले से 200 करोड़ निवेश का लक्ष्य रखा गया है।
इसमें अभी तक 23 निवेशक 182 करोड़ का प्रस्ताव दे चुके हैं। उद्यमियों को सूक्ष्म उद्यम लगाने पर 20 प्रतिशत, लघु उद्यम लगाने पर 15 प्रतिशत, मध्यम इकाई लगाने पर 10 प्रतिशत पूंजीगत उपादान का लाभ दिया जाएगा। स्थापना ब्याज उपादान वार्षिक ब्याज दर 50 प्रतिशत और अधिकतम दो करोड़ तक का लाभ दिया जाएगा। भूमि क्रय पर स्टांप ड्यूटी में 75 प्रतिशत छूट भी दी जाएगी। बताया कि निवेश के इच्छुक उद्यमी निवेश सारथी एप पर आवेदन कर सकते हैं।