बलिया। उमस भरी भीषण गर्मी के साथ बिजली कटौती ने लोगों की समस्याओं को बढ़ा दिया है। शहर में सात से आठ घंटे तक कटौती की जा रही है। सुबह से रात तक के बीच बार-बार होने वाली ट्रिपिंग लोगों की परेशानी का कारण बनी हुई है। ट्रांसफाॅर्मर जलने और फाॅल्ट होने के कारण घंटों आपूर्ति बाधित हो जा रही है। शहरी क्षेत्र में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे आपूर्ति का रोस्टर की हवा निकल गई है। लो-वोल्टेज, ट्रिपिंग जैसी समस्याएं मुसीबत बन गई हैं। शहर के सिविल लाइन बिजलीघर से संबंधित लोगों का कहना है कि दिन हो या रात बिजली कटौती का दौर थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। सोमवार को बहेरी, जगदीशपुर, मिड्ढी, बिशुनीपुर, जगदीशपुर, सतनी सराय, टैगोर नगर, आनंदनगर, बहादुरपुर, गुदरीबाजार, रामपुर उदयभान आदि क्षेत्रों में भी बिजली की इसी तरह की हालत बनी रही। एक्सईएन द्वितीय नरेंद्र प्रकाश ने बताया कि गर्मी अधिक होने के ट्रांसफाॅर्मर ओवरलोड हो जा रहे हैं। लो वोल्टेज की दिक्कतें ज्यादा आ रही है। सिविल लाइन के जीराबस्ती में 250 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर ओवरलोड के चलते धुंआ दे रहा था, उसे 100 केवीए का किया गया है।