शुभ तिथियों में शुमार अक्षय तृतीया के अवसर पर शनिवार को सार्वजनिक अवकाश होने के बावजूद भी शुभ दिन की शानदार शुरुआत हुई है। दिनभर आभूषण कारोबारियों के यहां अच्छी खासी भीड़ रही। गर्मी की वजह से तापमान बढ़ने से पहले ही उपभोक्ता दुकानों पर आभूषणों की खरीदारी करने पहुंच गए थे। इस दौरान जिले में करीब 15 करोड़ का कारोबार हुआ। इस दिन लोगों ने खूब सोना खरीदा। दो दिन त्योहार होने से व्यापारियों को रविवार को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
अक्षय तृतीया के पर्व पर सक्षम लोगों ने नेकलेस खरीदा तो मध्यम वर्ग ने भी सोने की झुमकियां खरीदीं अन्यथा सोने की कीलें तो जरूर खरीदी। सभी के घर में कुछ न कुछ सोना अवश्य पहुंचा। ऐसे में जिले में सोने और चांदी का कारोबार में 15 करोड़ की रिकॉर्ड बिक्री हुई। उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के महासचिव टुनटुन सराफ का कहना है कि इस बार सोने-चांदी के भाव में उछाल जरुर है, लेकिन अक्षय तृतीया के मौके पर अच्छी खरीददारी हुई है। बैशाख शुक्ल पक्ष की तृतीया को अक्षय तृतीया के रूप माना जाता है। इसका अपना अलग महत्व है। लक्ष्मी जी का दिन होने के नाते इस दिन सोना खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन सोने की खरीद से लक्ष्मी जी की कृपा बरसाती हैं। इसे देखते हुए सराफा कारोबारियों ने बाहर से नई वेराइटियां पहले से ही मंगवा ली थीं। अक्षय तृतीय पर सर्राफा बाजार खुलते ही सुबह से सराफा प्रतिष्ठान गुलजार होने लगे। देर रात तक दुकानों पर चहल पहल रही।
ऑटोमोबाइल बाजार में रही रौनक
अक्षय तृतीया व ईद का त्योहार एक ही दिन पड़ने से ऑटोमोबाइल बाजार भी चहक उठा। जिन लोगों ने वाहनों की पूर्व में बुकिंग कराई थी उन्होंने वाहनों की खरीदारी की। इसके अलावा नए वाहनों की भी काफी डिमॉड रही। आलम यह रहा कि वाहन की बुकिंग के ग्राहक इतने ज्यादा आ रहे थे कि कंपनी समय से उन्हें गाड़ी नहीं प्रदान कर पा रही है। हर ग्राहक चाहता है कि वह त्योहार के उपलक्ष्य में गाड़ी खरीदकर घर में खुशियां लाएं।