चौकिया मोड़। उभाव थाना क्षेत्र के ससना बहादुर गांव में रविवार की सुबह प्राथमिक स्कूल के समीप स्थित पोखरे में एक बालक की डूबने से मौत हो गई।
ससना बहादुर गांव निवासी प्रदीप सिंह उर्फ पिंकू का पुत्र हर्षित सिंह (12) रविवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे प्राइमरी स्कूल के पास स्थित पोखरे के टीला पर छठ पूजा के लिए बेदी बनाने गया हुआ था। वह पूजा के लिए बेदी बनाते समय पानी में फिसल गया और पोखरे में डूबने लगा। पोखरे के समीप खड़े अन्य बच्चों ने हर्षित को डूबता देख हो-हल्ला किया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाल कर सीएचसी सीयर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रोते-रोते हाल बेहाल हो गया।