बलिया। नरही थाना क्षेत्र के सोहांव स्थित सर्वजन कल्याण बालिका विद्यापीठ की चाहरदीवारी का एक बड़ा हिस्सा बुधवार सुबह गिरा मिला। विद्यालय के प्रधानाध्यापक पंकज कुमार राय ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे विद्यालय खुलने पर उत्तर दिशा की चाहरदीवारी गिरी मिली। बताया कि इससे पहले भी विद्यालय की अन्य दिशाओं की चाहरदीवारी के कुछ हिस्सों को गिराए जाने की घटनाएं हो चुकी हैं। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करना आवश्यक है। प्रधानाध्यापक पंकज कुमार राय ने नरही थाना प्रभारी को सूचना देकर मामले की जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा विद्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।