इंदरपुर। नगरा थाना क्षेत्र के खरुआंव गांव में एक माह पूर्व रहस्यमय ढंग से अफसाना खातून (30) की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। उपजिलाधिकारी संजय कुशवाहा के निर्देश पर नायब तहसीलदार राजेश यादव की मौजूदगी में नगरा पुलिस ने कब्र से महिला के शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रेवतीपुर गाजीपुर की अफसाना खातून की शादी नगरा थाना क्षेत्र के खुर्शीद के साथ हुई थी। खुर्शीद की यह दूसरी शादी थी। पहली शादी जुबैदा खातून से हुई थी। अफसाना से तीन लड़की व एक लड़का है। 31 जुलाई को अफसाना खातून की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। उस समय शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। मृतका की मां परवीन बेगम की शिकायत पर पुलिस ने अब पति खुर्शीद पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा है। एसडीएम के आदेश के बाद कब्र से शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जिस समय कब्र से शव निकाला जा रहा था उस समय मृतका की मां परवीन बेगम मौजूद रहीं। पुलिस ने कब्रिस्तान को अपने घेरे में ले लिया था। किसी को वहां जाने की इजाजत नहीं थी। यहां तक कि पत्रकारों को भी नहीं जाने दिया गया। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर सिंह, जिले की फारेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार पीएम रिपोर्ट के आझार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।