बलिया। प्रेमिका की शादी तय हो जाने से नाराज प्रेमी ने शुक्रवार की दोपहर बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के कांशीराम आवास में प्रेमिका की हंसिया से गला रेत कर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सहतवार थाना क्षेत्र के बघाव निवासी ध्यानु पासवान उर्फ धुरू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट ने जेल भेज दिया। पुलिस लाइन के सभागार में शनिवार को खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि आरोपी के बहन का आवास मृतका के आवास के पास सटा हुआ था। वहां आरोपी पिकअप चलाना सीखने आता था और कभी कभार वहां रुकता भी था जहां उसकी युवती से प्रेम प्रसंग चलने लगा। इसी बीच युवती की शादी तय हो गई जो प्रेमी को नागवार लगा। वह चाहता था कि प्रेमिका शादी करने से इंकार कर दे और उससे शादी करे, लेकिन युवती ने इंकार कर दिया। जिसके बाद युवक ने सुनियोजित ढंग से घटना को अंजाम दे दिया।