कोतवाली क्षेत्र के नारायनपुर में मंगलवार की शाम एक मुकदमे के वांछित को पकड़ने गए हल्का दारोगा एवं उनकी टीम पर वांछित ने जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। घटना में दरोगा समेत एक सिपाही घायल भी हो गए। पुलिस ने वांछित को बल प्रयोग कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
उपनिरीक्षक ज्ञानचंद शुक्ल मंगलवार शाम को सिपाही धीरज मौर्य, श्याम सिंह, महिला आरक्षी ज्योति सिंह के साथ क्षेत्र में निकले थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि नारायनपुर का एक वांछित अपराधी अपने घर पर मौजूद है। उपनिरीक्षक ने उसे पकड़ने की नीयत से उसके घर पहुंच कर उसकी घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ने का प्रयास किया तो घर के अंदर दरवाजे की पीछे छिपे वांछित युवक राजकुमार चौहान उर्फ हैंडिल ने उनके ऊपर जान से मारने की नियत से चाकू लेकर हमला बोल दिया। इस हमले में उपनिरीक्षक की हथेली पर चाकू लग गया और खून निकलने लगा। इसके बाद इस पुलिस एवं वांछित में गुत्थमगुत्थी होनी लगी। बीच में आये सिपाही धीरज मौर्य को भी चोटें लगीं। किसी तरह से पुलिस ने हमलावर को काबू में करके थाने ले आई। मामले में एसआई ज्ञानचंद शुक्ल की तहरीर पर पुलिस ने उक्त के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। कोतवाल योगेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि राजकुमार चौहान उर्फ हैंडिल शातिर चोर है। क्षेत्र में चोरी की कई घटनाओं में वांछित है। इसके खिलाफ न्यालालय द्वारा गैंगस्टर एक्ट में वारंट भी निर्गत हो चुका है। पुलिसकर्मियों पर हमला करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।