बलिया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त किसानों के खाते में जल्द आएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीस अक्तूबर को गुजरात से किसानों के खाते में धनराशि जारी करेंगे। जिले के 350118 किसानों को सम्मान निधि मिलेगी। इसमें हर किसान के खाते में दो हजार रुपये भेजे जाएंगे। 70 करोड़ दो लाख 36 हजार रुपये की धनराशि किसानों के खाते में आने की उम्मीद है। बता दें कि सरकार की तरफ से एक साल में किसानों के खाते में पीएम सम्मान निधि के रूप में हर किसान को तीन बार में छह हजार रुपये मिलते हैं। जिसका उपयोग किसान अपने आगे की खेती में करते हैं। उप निदेशक कृृषि मनीष कुमार सिंह ने बताया कि सरकार की तरफ से किसान सम्मान निधि की तिथि 30 अक्तूबर निर्धारित की गई है। शासन स्तर से डेटा लाॅक हो गया है। जिले में 350118 किसानों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। इससे किसान अपनी आगे की खेती का कार्य बिना किसी रुकावट के कर सकेंगे।