बैरिया। इलाहाबाद से हल्दिया तक गंगा में जहाजों का परिचालन अगले माह शुरू होने की संभावना है। इसके लिए विभाग की ओर से टेंडर की प्रक्रिया शुरू की गई है। उक्त जानकारी सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने पत्रकारों को शनिवार को अपने संसदीय कार्यालय सोनबरसा में दी।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से उनकी बातचीत हुई है। टेंडर की प्रक्रिया शुरू है। कोलकाता की कई जहाज की कंपनियों ने टेंडर डाला है। शुरू में 100 टन से लेकर 150 टन माल ले जाने वाले जहाजों का परिचालन होगा, जो डेढ़ मीटर गहरे पानी में भी आ जा सकेंगे। इलाहाबाद से हल्दिया तक जाने में जहाजों को तीन दिन का समय लगेगा। किराया ट्रकों की अपेक्षा काफी कम होगा। जल परिवहन शुरू होने पर किसान अपना उत्पाद आराम से बड़े शहरों में सस्ते किराए पर पहुंचा सकेंगे। इससे उनके मुनाफे का मार्ग प्रशस्त होगा।
सांसद ने स्पष्ट किया कि बलिया के सभी क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए उन्होंने प्रस्ताव भेजा है। जल्दी इसकी मंजूरी होगी और सड़कों का पुनर्निर्माण शुरू होगा। उन्होंने बताया कि बकुल्हा में भी रेलवे यार्ड बनाने की प्रक्रिया प्रगति पर है। जल्दी इस बाबत सरकार से अच्छी खबर मिलने की उम्मीद है।