बैरिया। क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय किशोरी के साथ रिश्ते के भाई ने बहला-फुसला कर दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
आरोपी और किशोरी के परिवार में काफी अच्छे संबंध हैं। इसका फायदा आरोपी ने उठाया। 25 वर्षीय युवक ने रिश्ते में अपनी 12 वर्षीय चचेरी बहन के साथ बुधवार को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। इसकी शिकायत पीड़िता ने अपने पिता से की। पिता ने बैरिया थाने में बुधवार की देर रात तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच कर पाक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के पास से बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी कहीं भागने के लिए ट्रेन पकड़ने के फिराक में था। एसएचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है। पीड़ित किशोरी को महिला पुलिस व उसकी मां की अभिरक्षा में चिकित्सीय परीक्षण के लिए बलिया भेजा गया है।