बलिया। बिजली बिल बंद करने व एफआईआर की धमकी देते हुए धन उगाही के मामले में प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु से शिकायत पर रघुनापुर उपकेंद्र पर तैनात तकनीशियन (विद्युत) दुष्यंत कुमार राय को निलंबित कर दिया गया है।
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला मंत्री राजकुमार भारती ने 17 अक्तूबर को प्रभारी मंत्री को शिकायती पत्र सौंपा था। इसमें आरोप लगाया था कि दुष्यंत कुमार राय (टीसी) ने बिल बंद करने, एफआईआर करने की धमकी देते हुए धन उगाही की है। प्रभारी मंत्री ने शिकायती पत्र को जांच के लिए जिलाधिकारी को सौंपा। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने मामले की जांच कर रिपोर्ट पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम आजमगढ़ के मुख्य अभियंता (वितरण) को सौंपी। जांच रिपोर्ट के आधार पर मुख्य अभियंता जयंती प्रसाद नारायण सिंह ने तत्काल प्रभाव से आरोपी को निलंबित किया है। साथ ही आजमगढ़ के विद्युत वितरण खंड चतुर्थ फूलपुर पर अटैच किया है।