बलिया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों मांगों को लेकर बेसिक शिक्षा कार्यालय पर सोमवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को संबोधित 18 सूत्री मांगपत्र बीएसए मनीष कुमार सिंह को सौंपा। मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने कहा कि 18 सूत्रीय मांगों में पुरानी पेंशन बहाली, राज्य कर्मचारियों की भांति उपार्जित अवकाश, द्वितीय शनिवार को अवकाश, प्रतिकर अवकाश, अध्ययन अवकाश, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के शिक्षकों की भांति चयन वेतनमान में 12 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके सभी शिक्षकों को पदोन्नति वेतनमान, प्रत्येक प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर पदोन्नति एवं तैनाती की मांग की गई है।
यदि हमारी मांगों का निराकरण नहीं किया जाता है तो शिक्षा निदेशालय लखनऊ पहुंचकर धरना देंगे। 18 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शुरू हुआ आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक की सरकार उसे पूरा नहीं कर देती। कहा कि शिक्षकों की एकजुटता के बल पर हम सभी मांग पूरा कराकर रहेंगे। संगठन शिक्षकहित में किसी स्तर पर अपनी हक की लड़ाई लड़ेगा। प्राथमिक शिक्षक संघ अपने 18 सूत्रीय मांगों के समर्थन में बृहद आंदोलन का निर्णय कर चुका है।
उन्होंने सभी शिक्षकों का आह्वान किया कि वे अपने हक की लड़ाई को मजबूती प्रदान करें। सभा को राधेश्याम सिंह, नीरज सिंह, विनोद सिंह, विद्यासागर दुबे, वीरेंद्र प्रताप यादव, संगीता वर्मा, अशोक यादव, अजय सिंह, सुनील सिंह, जितेंद्र प्रताप सिंह, सुशील कुमार, तुषारकांत, अजीत पांडेय, ज्ञानेंद्र प्रसाद, संतोष तिवारी, उदायनारायण आदि ने संबोधित किया।