हल्दी/चौकिया मोड । राष्ट्रीय राज्यमार्ग संख्या 31 पर बहादुर चट्टी पर सोमवार को लग्जरी वाहन के चपेट में आने से रेपुरा निवासी शिक्षक की मौत हो गई। बलिया-सोनौली मार्ग पर उभांव थाना क्षेत्र के हल्दी रामपुर गांव के ढुक्कू ढाला के करीब सोमवार की देर रात बाइक सवार चाचा-भतीजा गधे से टकरा कर घायल हो गए।
हल्दी थाना क्षेत्र के रेपुरा निवासी रामजी सिंह (58) हल्दी स्थित एक निजी विद्यालय में पढ़ाते थे। वे स्कूल से घर लौट रहे थे। बहादुरपुर चट्टी पर पीछे से बोलेरो ने उन्हें धक्का मार दिया। इसके कारण शिक्षक असंतुलित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गए। गंभीर रूप से घायल शिक्षक को कार सवार सिंचाई विभाग के इंजीनियर ने लोगों की मदद से अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां देर शाम उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची हल्दी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
बलिया-सोनौली मार्ग पर उभांव थाना क्षेत्र के हल्दी रामपुर गांव के ढुक्कू ढाला के करीब देर रात बाइक सवार चाचा-भतीजा गधे से टकरा कर घायल हो गए। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के नवानगर गांव निवासी रामप्रकाश गुप्ता (51) व उनका भतीजा राघवेंद्र गुप्ता (30) एक बाइक पर सवार होकर सोमवार की देर में बेल्थरारोड की ओर से अपने घर वापस जा रहे थे। ढुक्कू ढाला के समीप उनकी बाइक गधे से टकरा गई।