सुखपुरा। पुलिस ने बृहस्पतिवार को रात्रि गश्त के दौरान एक सफारी गाड़ी से 20 लीटर कच्ची शराब के साथ आठ बकरों को बरामद किया। पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया। जबकि बकरों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद करम्बर स्थित गोशाला में भेज दिया। पुलिस को देख कर ड्राइवर सहित दो आरोपी भाग गए। सब इंस्पेक्टर अखिलेश पांडेय हमराहियों के साथ सुखपुरा-बेरुआरबारी मार्ग पर गश्त कर रहे थे। तभी बांसडीह से आती हुई एक सफारी गाड़ी दिखाई दी। पुलिस की गाड़ी देखकर सफारी चालक वाहन को लेकर विद्युत सब स्टेशन सुखपुरा में घुस गया। आशंका होने पर पुलिस जब विद्युत सब स्टेशन पहुंची तब तक ड्राइवर सहित दो आरोपी भाग निकले। पुलिस ने गाड़ी कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें से आठ बकरे, 20 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम और आबकारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।