फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ballia News: पतित पावनी में लगाई आस्था की डुबकी, किया दान-पुण्य

विज्ञापन
विज्ञापन
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को लाखों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी में आस्था की डुबकी लगाई और दान-पुण्य किया। रविवार की आधी रात से ही श्रद्धालु स्नान के लिए जुटने लगे थे, जिससे सुबह से ही स्नान के लिए श्रद्धालुओं का तांता गंगा तट की ओर जाने वाले मार्गों पर लगा रहा। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद सूर्य देव को अर्घ्य दिया और घाट पर जरूरतमंदों को दान किया। इसके बाद भृृगु मुनि और उनके शिष्य दर्दर मुनि के मंदिर में दर्शन-पूजन का परिवार के मंगलमय भविष्य और समृद्धि की कामना की। स्नान के बाद ग्रामीण क्षेत्र से आए श्रद्धालुओं ने ददरी मेले का भी आनंद उठाया और सामान की खरीदारी की। उधर, नगर पालिका प्रशासन ने घाटों पर चाक चौबंद व्यवस्था की थी। जबकि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स की तैनाती रही। गोताखोर भी विभिन्न घाटों पर तैनात किए गए थे।
विज्ञापन

शिवराम गंगा घाट समेत गंगा के अन्य घाटों पर भोर से शाम तक स्नान, ध्यान और दान का कार्यक्रम चलता रहा। जिले के अलावा गैर जनपदों के बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए गंगा घाटों पर उमड़े थे। हैबतपुर घाट, भरौली घाट, उजियार घाट, पचरूखिया घाट, मझौवा घाट आदि घाटों पर श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ गंगा स्नान किया। देहात क्षेत्रों में लोगों ने गंगा, सरजू, तमसा नदियों के साथ ही अन्य पवित्र सरोवरों में डुबकी लगाई। इसके बाद सूर्यदेव को अर्घ्य देने के बाद दान-पुण्य कर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। इन घाटों पर महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहे। वहीं, अधिकारीगण अपने-अपने क्षेत्र में चक्रमण करते रहे। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा बालेश्वर व भृगु मंदिर में दर्शन पूजन कर ददरी मेले में जमकर खरीदारी की। इस दौरान झूला, चर्खी व सर्कस का लुत्फ उठाया। इस दौरान गंगा घाट, मंदिरों व सार्वजनिक स्थानों पर लगी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नगर के विभिन्न मार्ग तथा महावीर घाट से शिवरामपुर घाट तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स मौजूद रही। कार्तिक पूर्णिमा पर नगर से लेकर शिवरामपुर घाट तक विभिन्न समितियों दवाओं की व्यवस्था की गई थी ताकि श्रद्धालुओं की तबीयत खराब होने पर उपचार किया जा सके।
सरयू नदी में श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
बेल्थरारोड। श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में डुबकी लगाई। स्नान दान के पश्चात मंदिरों में पूजन-अर्चन कर मंगल कामना की। तुर्तीपार के मेले में लोगों ने उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी की। स्नानार्थियों की सुविधा के लिए अनेक इंतजाम किए गए। स्नान के समय गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई।
विज्ञापन

मुंडन संस्कारों के चलते रही भीड़
जयप्रकाश नगर। गंगा व सरयू नदी के घाटों पर स्नानार्थियों की भीड़ रही। गंगा तट भवन टोला, दोकटी व सरयू नदी के बकुल्हा, चांद दीयर, अठगांवा पर मेले जैसा दृश्य रहा। मुंडन संस्कार का मुहूर्त होने के कारण भी घाटों पर भारी भीड़ रही।
गंगा में डुबकी लगाने बक्सर पहुंचे लोग
नरहीं। क्षेत्र के विभिन्न गंगा घाटों पर सोमवार को लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई तथा दान-पुण्य किया। बहुत से श्रद्धालु बक्सर के रामरेखा घाट पर गंगा स्नान किया। बक्सर के पास उतरायणी गंगा है, जिसके कारण यहां गंगा स्नान का विशेष महत्व है। सूर्योदय से पूर्व ही कोटवा नारायणपुर के नागा घाट, उजियार गंगा घाट, भरौली, गोविंद पुर, सोहांव गांव के सामने, बड़का खेत पलिया खास, बेल्सीपाह, शाहपुर बभनौली, गंगहरा, इच्छा चौबे का पूरा, कोटअंजोरपुर गंगा के छाड़न में लोगों ने आस्था की डुबकी लगाई।
कहीं मिली चाय तो कहीं हुआ भंडारा
बलिया। स्व. बब्बन पांडेय सेवा संस्थान के तत्वावधान में जनता मार्केट में स्नार्थियों के लिए भंडारा संचालित किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर बब्बन पांडे के पुत्र कृष्ण कुमार पांडे मुन्ना, अवधेश कुमार पांडे गुड्डू, दया शंकर पांडे, गोनू पांडे, छोटू पांडे, अरुण कुमार त्रिपाठी, भैया संजय कुमार सिंह टुना, तेज नारायण मिश्रा आदि रहे।
चटनिया मेले का उठया लुत्फ
हनुमानगंज। कार्तिक पूर्णिमा पर हनुमानगंज स्थित दक्षिण पोखरा पर चटनियां मेला का आयोजन किया गया। जिसमें गांव के अलावा आसपास के गांवों के लोगों ने पहुंच कर मेले का आनंद लिया। बता दें कि करीब 50 वर्ष पूर्व जीरा बस्ती के जमींदार तथा राजा नाम से प्रसिद्ध महादेव प्रसाद ने अपनी भूमि पर बच्चों के मुंडन के लिए एक छोटा सा मेला का आयोजन किया। धीरे धीरे यह मेला का रूप ले लिया और मेला प्रसिद्ध होता गया तथा उसका नाम चटनिया मेला के रूप में ग्रामीण जानने लगे।
काशी जैसी गंगा की महा आरती
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर रविवार की देर शाम शिवरामपुर घाट पर गंगा आरती की गई। इस मौके पर काशी से आए विद्वान पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोचार के बीच मां गंगा की स्तुति और पूजा-अर्चना की गई। आरती के समय नदी तट का दृश्य ऐसा हो गया था मानों आसमान से तारे जमीं पर उतर आए हों। इस दौरान श्रद्धालु मां के जयकारे लगते रहे। इस दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कार्तिक पूर्णिमा के दिन संगम पर स्नान करने के लिए श्रद्धालु भक्त शाम से ही गंगा तट पर पहुंचने लगे थे। देर शाम को जब आरती शुरू हुई तब गंगा मईया के जयकारे से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा। गंगा मां की आरती के दौरान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, नपाध्यक्ष संत कुमार ऊर्फ मिठाई लाल, डीएम रविंद्र कुमार, एसपी एस.आनंद, एएसपी डीपी तिवारी आदि मौजूद रहे।
शिविर लगा कर की स्नानार्थियों की सेवा
बलिया। कार्तिक पूर्णिमा स्नान के अवसर पर स्नानार्थियों के सेवार्थ गंगा समग्र व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में रविवार को महावीर घाट स्थित हनुमान मंदिर के पास सेवा शिविर का उद्घाटन विश्व हिंदू परिषद के बलिया व आर्यमगढ़ विभाग के संयुक्त विभाग संगठन मंत्री दिव्यांशु व गंगा समग्र से सह प्रांत संयोजक राजनारायण तिवारी द्वारा किया गया। इस सेवा शिविर के माध्यम से कार्तिक पूर्णिमा स्नान करने आए स्नानार्थियों में निशुल्क दवा का वितरण किया गया। इस अवसर पर हरनाम सिंह, डॉ. संतोष तिवारी, अविनाश, राजेश्वर गिरी, देव नारायण पांडेय, धनंजय उपाध्याय, सुरेंद्र दुबे, विनय कुमार विशेन, मुकेश कुमार सिंह, सतीश सिंह, भारती सिंह, आरती वर्मा, रिंकू वर्मा, डॉ. शम्भू, राजेश गुप्ता महाजन, पवन, अंकित, आदित्य, मनोहर वर्मा, रुद्र आदि उपस्थित थे। यह जानकारी जिला प्रचार प्रमुख मारुति नंदन ने दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें