बलिया। जिले की नवगठित जिला पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष आनंद चौधरी और सदस्यों का शपथ ग्रहण सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित गंगा बहुउद्देशीय सभागार में होगा। इसके लिए जिला पंचायत प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करी गई हैं। वैसे तो शपथ ग्रहण कार्यक्रम के आयोजन को लेकर गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अविनाश अवस्थी द्वारा छूट दी गई है। बावजूद इसके जिला प्रशासन कोताही बरतने के मूड में नहीं है। शपथ ग्रहण में शामिल होने वाले सदस्यों और अतिथियों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की बात कही गई है। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी रमेश कुमार सिंह ने बताया कि शपथ ग्रहण के लिए जिपं अध्यक्ष आनंद चौधरी समेत सभी जिला पंचायत सदस्यों को आमंत्रण पत्र प्रेषित किया जा चुका है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे होगी, जिसमें सबसे पहले जिलाधिकारी अदिति सिंह द्वारा जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। जिपं अध्यक्ष 57 सदस्यों को शपथ दिलाएंगे। दो बजे उसी सभागार में जिला पंचायत बोर्ड की प्रथम बैठक होगी, जिसमें छह समितियों के गठन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके अलावा, अन्य महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत होगा।
इन छह समितियों का होगा गठन
नियोजन एवं विकास समिति
प्रशासनिक समिति
जल प्रबंधन समिति
जन स्वास्थ्य समिति
शिक्षा समिति
निर्माण समिति