नगरा। नगरा-सिकंदरपुर मार्ग पर शनिवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में 75 वर्षीय वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एक एसयूवी ने टक्कर मार दी। घायल वृद्ध की पहचान नगरा निवासी जय बहादुर सिंह के रूप में हुई है। यह घटना टीवी हॉस्पिटल के समीप डिवाइडर में बने कट के पास हुई। जय बहादुर सिंह भगमलपुर मोड़ की तरफ से आ रहे थे और सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर की तरफ से आ रही एक एसयूवी कार ने उन्हें टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें मऊ ले गए।