बलिया। वर्तमान समय में उत्तरी भारत एक विशेष भौगोलिक एवं खगोलीय घटना के प्रभाव से गुजर रहा है, जिसके कारण पड़ रही भीषण गर्मी एवं लू के थपेड़ों से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लॉकडाउन के चलते आकाश एवं वातावरण साफ होने के कारण सूर्य की झुलसाने वाली किरणें काफी तीखें रूप में धरती पर पड़ रही है। जिसके कारण मानों आकाश से अंगारे बरसने लगे हैं। भगवान भास्कर के कुपित होने पर पारा भी लगातार ऊपर की ओर सरक रहा है। हालांकि बुधवार को लोगों के लिए राहत वाली बात यह रही कि पुन: सक्रिय हुए एक नये पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। लेकिन पिछले चंद दिनों की तपिश ने कूलर और एसी का करोबार करने वालों के चेहरें पर चमक ला दी। जिससे ना सिर्फ कूलर और एसी की बिक्री बढ़ी बल्कि लॉकडाउन में दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठें।