सुखपुरा। बिजली उपकेंद्र सुखपुरा में इनकमिंग पैनल खराब होने की वजह से शुक्रवार की शाम से ही विद्युत आपूर्ति बाधित है। लगभग 24 घंटे से बिजली नहीं आने से गांव में पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। विद्युत उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। शनिवार की सुबह से ही बैरिया से आए इंजीनियर बनाने में लगे हैं लेकिन देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। काफी प्रयास के बाद इनकमिंग पैनल शाम को बनकर तैयार हुआ लेकिन जैसे ही बिजली का कनेक्शन दिया गया वह तुरंत जल गया। क्षेत्र में लगातार 24 घंटे से अधिक समय से बिजली न आने से उप केंद्र के अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांव के लोगों की स्थिति काफी खराब है। उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले गांव सुखपुरा, करम्मर, सुल्तानपुर, धनौती, शिवपुर, सूर्यपुरा आदि गांव से लोग भी पावर हाउस की स्थिति देखकर परेशान हैं। एक कर्मचारी ने अपना नाम न बताने की शर्त पर बताया कि उपकेंद्र पर मशीनें काफी पुरानी हो गई हैं। इसकी वजह से आए दिन इस तरह की समस्याएं आती रहती हैं। दर्जनों से अधिक गांव के तार अत्यंत जर्जर हैं जिसकी वजह से हल्की हवा का झोंका भी बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं। बार-बार मशीन ट्रिप करती है। इसका दुष्प्रभाव मशीन पर पड़ता है। उपकेंद्र पर पहुंचे दर्जनों युवाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द से जल्द इस उप केंद्र की व्यवस्था में सुधार नहीं आता है तो बड़े आंदोलन के लिए क्षेत्रीय लोग बाध्य होंगे।