जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर कुलसचिव संत लाल से वार्ता करते टीडी क
- फोटो : BALLIA
जिले में छात्रसंघ चुनाव कराने का मुद्दा अब सुलगने लगा है। छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग को छात्रनेताओं ने कुलपति का घेराव किया और विश्वविद्यालय में हंगामा किया। कुलसचिव के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए।
श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रों ने छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित करने और विश्वविद्यालयीय परीक्षा में बैक पेपर की व्यवस्था पूर्ववत बहाल करने की मांग को लेकर जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय पहुंचे। इसकी भनक जब कुलपति प्रो. कल्पलता पांडेय को हुई तो वह मौके से निकल गई। इससे नाराज छात्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव एसएन पाल का घेराव कर दिया। कुलसचिव ने कुलपति से टेलीफोन पर वार्ता की। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव की तिथि 30 सितंबर को घोषित करने और बृहस्पतिवार को होने वाली परीक्षा समिति की बैठक में बैक पेपर की व्यवस्था बहाली पर चर्चा के बाद निर्णय करने का लिखित आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
वहीं, टीडी कॉलेज के छात्रसंघ महामंत्री अमित सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र भी विश्वविद्यालय पहुंचे। कुलपति की अनुपस्थिति में छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक/कुलसचिव संतलाल पाल से मुलाकात की। छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर उनका घेराव किया। इस दौरान जमकर हंगामा किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि एक सब्जेक्ट के किसी एक पेपर में यदि छात्र 30 प्रतिशत से कम नंबर लाता है तो उसे बैक पेपर भरने की व्यवस्था गलत है। छात्रसंघ चुनाव की नियमावली जारी कर तत्काल प्रभाव से चुनाव कराने की मांग की।