दया छपरा। पीजी कालेज दुबेछपरा के छात्र नेताओं ने कुछ छात्रों को परीक्षा से वंचित करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को एनएच-31 स्थित दुबे छपरा ढाला पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा नेता अंगद मिश्र फौजी और विधायक सुरेंद्र सिंह भी पहुंच गए। छात्रों की मांग से प्राचार्य गौरीशंकर द्विवेदी, कुलपति को अवगत कराया। कुलपति ने तुरंत छात्रों का प्रवेश पत्र निर्गत करते हुए परीक्षा में शामिल करने का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों का विरोध समाप्त हुआ। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय से संबद्ध पीजी कालेज दुबेछपरा में बीए की परीक्षा मंगलवार को हुई। इसमें कुमारी कंचन बीए वर्ष तीन, अमरनाथ शर्मा बीए वर्ष दो, विजय बहादुर पासवान बीए वर्ष दो, कुमारी अंकिता बीए वर्ष तीन का प्रवेश पत्र नहीं होने से परीक्षा से वंचित कर दिया गया। इसकी सूचना जब छात्रनेताओं को हुई तो छात्र नेताओं ने एनएच-31 पर धरना शुरू कर दिया। तीन और छात्र पहुंच गए। इनका भी प्रवेश पत्र नहीं मिला था। सूचना पर सपा नेता अंगद मिश्र और विधायक सुरेंद्र सिंह ने प्राचार्य गौरीशंकर से संपर्क कर बात की। कुलपति के निर्देश पर प्रवेश पत्र जारी करते हुए द्वितीय पाली की परीक्षा में सम्मिलित करने और जिन परीक्षार्थी की परीक्षा प्रथम पाली में छूट गई है, उसका बैक परीक्षा कराने के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। धरना देने वालों में सोनू गुप्ता, मोनू मिश्र, आदित्य मिश्र, टिशू सिंह, संदीप यादव, अमित पांडेय, वरुण मिश्र, अरविंद यादव सहित दर्जनों छात्र नेता उपस्थित रहे।