छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में जुलूस निकालकर प्रदर्शन करते छा?
- फोटो : BALLIA
छात्रसंघ चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग को लेकर नगर के टीडी कालेज चौराहा पर छात्रों का आमरण अनशन बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। मांगों के समर्थन में छात्र-छात्राओं ने अपनी कक्षाओं का बहिष्कार कर कालेज से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नू ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर छात्रनेताओं को टीडी कालेज चौराहा पर तीन दिनों से आमरण अनशन पर बैठे है। लेकिन अब जिला प्रशासन का कोई भी अधिकारी अनशन स्थल पर नहीं पहुंचे है। जिला प्रशासन छात्रनेताओं के साथ अन्याय कर रहा है। कहा कि हम लोगों की मांग छात्र हित में जायज है। यदि इसे जल्द पूरा नहीं किया गया तो जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र अपनी-अपनी कक्षाओं का बहिष्कार कर सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। चेताया कि यदि हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो जल्द छात्र कर्फ्यू का भी एलान होगा।इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष शिप्रांत सिंह, अविनाश सिंह नंदन, आदित्य प्रताप सिंह योगी, राजदीप सिंह, तेज प्रताप सिंह, हिमांशु सिंह, आशीष यादव, मदनी नसीम , अनुराग पटेल आदि छात्र शामिल रहे।
छात्र आंदोलन को आईपीएस का समर्थन
बलिया। छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर टीडी कालेज चौराहे पर छात्र नेताओं द्वारा किये जा रहे आमरण अनशन को इंडियन पीपुल्स सर्विसेज ने समर्थन देने की घोषणा की है। बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविन्द गोंडवाना व जिलाध्यक्ष सुरेश शाह ने समर्थन देते हुये एकजुटता का इजहार करते हुये कहा की हर हाल मे छात्र संघ चुनाव कराया जाना चाहिए। नेता द्वय ने कहा की जब विश्वविद्यालयों/ महाविद्यालयों व जिला कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ का चुनाव हो सकता है तो छात्र संघ का चुनाव क्यों नहीं हो सकता।