बलिया। जनपद के विभिन्न कालेजों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। छात्रों की ओर से कुलपति का घेराव किया गया और मांगें रखी गईं।
छात्रों को किसी विषय में फेल कर देना, बैक एग्जाम के बाद भी छात्रों के रिजल्ट में सुधार ना होना, परीक्षा की तिथि आने के बाद भी छात्रों का प्रवेश पत्र ना आना आदि समस्याओं को छात्रनेताओं ने रखा।
छात्रनेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन के ऐसे व्यवहार से छात्रों का भविष्य चौपट हो रहा है। टीडी कॉलेज के छात्रसंघ महामंत्री अमित सिंह छोटू ने बताया कि लगातार विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्रों को प्रताड़ित किया जाता है। विश्वविद्यालय आने से बलिया में छात्रों में हर्ष की जगह हताशा की भावना उत्पन्न हो रही है। वहीं, कुंवर सिंह कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री प्रशांत पांडेय रिंशु ने कहा कि विश्वविद्यालय एवं कुलपति के प्रति छात्रों की विश्वसनीयता समाप्त हो रही है। इस मौके पर अभिनव सिंह चंचल, सौरभ सहयोगी, हिमांशु सिंह, अनीश किशन, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, अमर कुमार, हेमंत, मौरिश आदि रहे। संचालन अनुराग पटेल छोटू ने किया।