बलिया। ताउते तूफान का असर जिले में भी रहा। मंगलवार की भोर में शुरू हुई हल्की बारिश पूरे दिन रुक-रुक होती रही। आसमान में भी घनघोर बादल छाए रहे। इससे तापमान में भी गिरावट होने से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं कहीं आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके अलावा, सड़कों पर जहां-तहां और हल्का जलभराव होने से भी लोग परेशान रहे। अरब सागर के रास्ते भारत के पश्चिमी समुद्री तटों पर टकराने वाला ताउते तूफान इस वर्ष का पहला तूफान है। द्वारिका प्रसाद सिन्हा महिला पीजी कॉलेज बांसडीह के भूगोल विभाग से जुड़े अभिनव पाठक ने बताया कि ताउते इस साल का पहला तूफान है। जिले में भी ताउते का प्रभाव स्पष्टतया दिखाई देने लगा है। रुक-रुक कर वर्षा का क्रम जारी है। गनीमत है कि तेज हवा का प्रभाव अभी जिले में नहीं पहुंचा है। बताया कि यदि चक्रवाती हवा की गति कम नहीं हुई तो मंगलवार देर रात या बुधवार तक जनपद में भी तेज हवा का प्रकोप लोगों को झेलना पड़ सकता है।