पुलिस अधीक्षक अनीस अहमद अंसारी ने बताया कि पकड़ी थाना क्षेत्र के वीरपुरा निवासी रामप्रताप सिंह की तहरीर पर शनिवार को शस्त्र दिखाकर अष्टधातु की मूर्तियों की डकैती के प्रयास और जानमाल की धमकी का मुकदमा पकड़ी थाने में दर्ज किया गया। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी सिकंदरपुर सुरेशचंद्र रावत, एसओ पकड़ी दीपनारायण सरोज अपने हमराही उपनिरीक्षक लाल बहादुर यादव और एसएसआई सुरेश नारायण पांडेय के अलावा सिपहियों के साथ पकड़ी थाना क्षेत्र के गढ़मलपुर गांव के पास वांछितों और वारंटियों को पकडने की मंत्रणा कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर ़से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति बहोरापुर पुलिया के पास बैठकर अष्टधातु की मूर्तियों की चोरी की योजना बना रहे हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस ने तीन टीम बनाकर तीन दिशाओं से मौके पर पहुंच कर संदिग्धों को दबोच लिया। दबोचे गए लोगों में हल्दी थाना क्षेत्र के गायघाट कुंआ निवासी अनिल कुमार यादव, गायघाट देवीतर निवासी चंदन सिंह के अलावा झारखंड प्रांत के धनबाद जिले के लोयाब थाना क्षेत्र के लोयाबाद निवासी रमेश शर्मा, धनबाद जिले के ही केंदुआडीह थाना क्षेत्र के अलकुसहा गांव निवासी बैजू प्रसाद गौंड, धनबाद जिले के लोयाबाद थाना क्षेत्र के लोयाबाद गांव निवासी शिवनाथ कुमार साव, केंदुआडीह थाना क्षेत्र के नया धौड़ा अलकुसा निवासी गुड्डू कुमार सिंह, अविनाश कुमार सिन्हा अप्पू, गिरिडीह जिले के नगर थाना क्षेत्र के एसएन रोड निवासी देवदास लाल, हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र के बरही वीर गांव निवासी कृष्णदेव कुमार और धनबाद जिले के केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ निवासी चंदन कुमार सिंह शामिल हैं। एसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के पास से लोहा काटने की आरी, चार ब्लेड, दो गैस कटर, रस्सी, टेप, सोर्डिगिं सामान, क्रीप और आटोकार के अलावा दो बाइक मिली है। बताया कि इनका काम बेशकीमती अष्टधातु की मूर्तियों की चोरी और डकैती कर अंतरप्रांतीय बाजारों में बेचना है।