रतसर। गड़वार थाना क्षेत्र के चंदाडीह गांव में दो रिश्तेदारों के बीच बृहस्पतिवार को कुत्ते को लेकर जमकर मारपीट हो गई। घटना में दो युवतियों सहित एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हुए हैं। परिजनों ने सभी को घायलावस्था में इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उपचार कर उन्हें घर भेज दिया गया। चंदाडीह निवासी देवेंद्र गोड़ एवं गुलाब गोड़ रिश्तेदार हैं। बृहस्पतिवार दोपहर देवेंद्र गोड़ के पालतू कुत्ते ने गुलाब के दरवाजे पर शौच कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते लाठी डंडे एवं ईंट पत्थर चलने लगे। घटना में देवेंद्र गोंड (59), सोनी (20) एवं अन्नू (15) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।