चौकिया मोड़। उभाव थाना क्षेत्र के तुर्तीपार गांव निवासी 26 वर्षीय युवक की सोमवार की देर रात करेंट की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। मामले की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है। शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। परिजनों में कोहराम मचा है। उभांव थाना क्षेत्र के तुर्तीपार गांव निवासी कुंदन गोड़ (26) पुत्र मैनेजर गोड़ सोमवार की देर रात बिजली की आपूर्ति ठप हो जाने के बाद घर में लगे बिजली उपकरण में आई तकनीकी खराबी को ठीक करने लगा। उसी समय अचानक बिजली आने से घर के उपकरण में करेंट उतर गया। करेंट की जद में आ जाने के कारण कुंदन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल था। मृतक कुंदन का एक चार माह का बेटा है। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।