बलिया। पीएम कुसुम-सी योजना के तहत जिले के किसानों के बिजली चलित ट्यूबवेलों का सौर ऊर्जा से अच्छादित किया जाएगा। इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार से 90 से 100 फीसद तक अनुदान मिलेगा। इसके अलावा बिजली पर लोगों की निर्भरता कम करने के लिए घरेलू उपयोग के लिए सोलर एनर्जी के लिए सरकार की ओर से अनुदान दिया जा रहा है। ताकि बिजली की निर्भरता कम हो सकें। इसके तहत अब दस किसानों का चयन भी किया गया है।
जिले में करीब दस हजार से अधिक किसानों के पास बिजली चलित ट्यूबवेल है। नेडा के पटल सहायक जयकिशन ने बताया कि अब बिजली विभाग की मदद से इन ट्यूबवेल को सौर ऊर्जा से संचालित करने की योजना है। इसके लिए किसानों को बस ऑनलाइन आवेदन करना होगा। उसके बाद आवश्यक प्रक्रिया नेडा और बिजली विभाग के अधिकारी पूरी करेंगे। इसे लेकर किसानों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अब तक दस किसानों का चयन भी हो गया है। इस योजना में पहले आओ पहले पाओ को चयन का मुख्य आधार बनाया गया है। योजना के माध्यम से किसानों को सोलर पंप के लिए सरकारी स्तर पर अनुदान मिलेगा।
किसी को सौ तो किसी को 90 फीसद मिलेगा अनुदान
पीएम कुसम सी योजना के तहत किसानों के बिजली चलित ट्यूबवेल का सोलराइजेशन की प्रक्रिया के तहत वनटांगुनिया, अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों को सरकार से सौ फीसद अनुदान देने की व्यवस्था है। जबकि अन्य सभी जातियों के किसानों को सरकार द्वारा 90 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।