रसड़ा (बलिया)। क्षेत्र के अमहर पट्टी दक्षिण में शुक्रवार की देर रात्रि बर्थडे पार्टी में डीजे बजाने को लेकर हुए संघर्ष में महिला सहित छह लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के सुन्नी सागर के घर में तीन वर्षीय पुत्री खुशी के जन्म दिवस पर घर के लोग डीजे पर डांस कर रहे थे। डीजे की तेज आवाज को लेकर पड़ोस के लोग उनके द्वार पर आ धमके और उन्हें डीजे बंद कराने पर अड़ गए । जिससे दोनों पक्षो में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षो में लाठियां चटकने लगी। जिसमें दीपचंद्र (55) पुत्र भेलु, निर्मला (52) पत्नी दीपचंद, रामपुकार (20), मन्नु (25), मिंटु (18) पुत्रगण सिद्धनाथ तथा सचिन (28) पुत्र दीपचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों पर मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई प्रारम्भ कर दी है।