बलिया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आकांक्षात्मक ब्लॉकों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले के आठ ब्लॉक शामिल हैं। एडीएसटीओ ने बताया कि देश के 100 आकांक्षात्मक ब्लॉकों में हनुमानगंज ब्लाक नौवें, पन्दह 38वें और रसड़ा 41वें स्थान पर है। जिलाधिकारी ने पन्दह ब्लॉक के सीएम फेलो से पिछड़ने का कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य एवं पोषण में सैम एवं मैम की वजह से प्रदर्शन खराब हुआ है। इसमें बच्चों की ऊंचाई और भार का मापन अभी नहीं हो पाया है। रसड़ा के सीएम फेलो ने पिछड़ने का कारण सेक्स रेशियो एट बर्थ और डिलीवरी रेट के कारण प्रगति बताई। जिलाधिकारी ने सभी ब्लॉकों के सीएम फेलो को एमओआईसी और सीएमओ से सम्पर्क कर इस क्षेत्र में सुधार करने के निर्देश दिये। साथ ही 5 साल के अंडरवेट बच्चों की संख्या और गोल्डन कार्ड डिस्ट्रीब्यूशन में प्रगति लाने के निर्देश दिए। कहा कि जिन ब्लॉकों की पोजीशन खराब हुई है वे अगले महीने तक स्थिति सुधार लें। रसड़ा के सीएम फेलो को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिला पंचायती राज अधिकारी को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण में कम प्रगति पाए जाने पर कारम बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। जिला कृषि अधिकारी को खरीफ फसल की बीमा में प्रगति लाने के निर्देश दिए। चेताया कि अगली बैठक में यदि स्थिति नहीं सुधरी तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि हमारे जिले की रैंकिंग 25 रैंक के अंदर होनी चाहिए। सीएमओ डॉ. विजय पति द्विवेदी, डीडीओ राजित राम मिश्र, आरबी यादव, बीएसए मनीष सिंह, डीपीआरओ यतेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति, परियोजना निदेशक उमेश मणि त्रिपाठी मौजूद थे।