भृगु मंदिर परिसर के दुकानदारों से किए जा रहे वसूली के विरोध में कोतवाली में पहुंचे दुकानदार।
- फोटो : BALLIA
बलिया। महर्षि भृगु मंदिर परिसर के सैकड़ों दुकानदार सभासद विकास पांडेय के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे। नगर मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार और क्षेत्राधिकारी प्रीति त्रिपाठी को लिखित शिकायती पत्र सौंपा। कहा कि मंदिर परिसर की दुकानों से इन दिनों कुछ लोगों द्वारा अवैध तरीके से किराया की वसूली की जा रही है। मंदिर प्रबंधक शिवांकर मिश्रा ने बताया कि मंत्रिपरिषद में लगभग 60 दुकानें मेरे द्वारा आवंटित की गई हैं।
इनसे कुछ लोगों द्वारा फर्जी रसीद के आधार पर अवैध रूप से किराया वसूली की जा रही है। इस संबंध में तीन माह से लगातार शिकायत कर रहे है। इसके बाद भी अवैध वसूली पर रोक नहीं लग पाई है। प्रबंधक ने कहा कि नगर मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने दुकानदारों का बयान तो लिया लेकिन हमसे कोई बातचीत नहीं की। सभासद विकास पांडेय लाला ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाया कि प्रशासन के इशारे पर ही दबंगों द्वारा अवैध रूप से किराए की वसूली की जा रही है। इस संबंध में उन्होंने चौकी प्रभारी और प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री का पत्र भी दिखाया। इसके बाद भी वसूली करने वाले लोगों पर कोई कार्रवाई न होने से मंदिर परिसर के दुकानदारों में रोष व्याप्त है। दुकानदारों ने मांग की कि जिला प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध तरीके से किराए के नाम की जा रही वसूली को बंद कराया जाए।