बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के सलेमपुर निवासी एक युवक को जमीन विवाद को लेकर पट्टीदारों ने बजहां चट्टी पर बृहस्पतिवार की शाम जमकर पिटाई कर दी। जबकि घायल युवक की भतीजी को सलेमपुर गांव में मारपीट कर घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। संदीप पटेल (24) निवासी सलेमपुर का अपने पट्टीदारों से जमीनी विवाद कई दिनों से चल रहा था। वह बजहां चट्टी पर स्थित अपने दुकान पर बैठा था। आरोप है कि इसी बीच कुछ लोग लाठी डंडा लेकर आए और अचानक उसके ऊपर हमला बोल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि सलेमपुर गांव में उसकी भतीजी कुमारी सोनाली (12) को भी मारा पीटा गया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।