सुखपुरा। जिला प्रशासन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुखपुरा को बीते वर्ष अगस्त महीने में अस्थाई जेल बना दिया गया था। जिसके कारण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाए नहीं मिल पा रही थी। करीब एक वर्ष बाद शुक्रवार को जिला प्रशासन द्वारा यहां से अस्थाई जेल को हटाकर उसे जिला जेल में शिफ्ट कर दिया गया। जेलर राजेंद्र सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर अस्थाई जेल को जिला में शिफ्ट कर दिया गया है। अस्थाई जेल में कुल 69 कैदी थे। जिसमें दो महिला कैदी भी थी। जबकि पहले से जिला कारागार में 880 कैदी निरूद्घ है। इस प्रकार स्थाई व अस्थाई जेल में निरूद्घ कैदियों को मिलाकर कुल 949 हो गई है। बता दे कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुखपुरा का निर्माण आठ सालों से हो रहा था। जिसका उद्घाटन अभी तक नहीं हुआ था। बिना उद्घाटन के ही जिला प्रशासन द्वारा पिछले वर्ष इसे अस्थाई जेल बना दिया गया था। इसको लेकर लोगों में काफी आक्रोश भी था। अब यहां से अस्थाई जेल हटा दिया गया तो लोगों में यह उम्मीद जगी है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का अब उद्घाटन हो जाएगा और स्वास्थ्य सुविधा बेहतर मिलेगी।