सिकंदरपुर। तहसील क्षेत्र के तेंदुआ गांव में शनिवार शाम को भूसा बनाने वाली मशीन की चिंगारी से लगी आग में 6 से ज्यादा किसानों की सात बीघा क्षेत्रफल में खड़ी गेहूं की फसल जल कर राख हो गई। भूसा बनाने वाली एक मशीन गांव के किसी किसान के खेत में भूसा बना रही थी। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी उड़ कर किसान मुन्ना सिंह के खेत में पहुंच गई। उसमें आग पकड़ ली और खड़ी गेंहू की फसल धू-धूकर जलने लगी और तेज हवा बहने के कारण अगल बगल के खेतों में किसान सिलाल राजभर, रामचंद्र राजभर सहित करीब आधा दर्जन खेतों में भी आग पकड़ ली। आग लगने की सूचना जैसे ही गांव में पहुंची कि ग्रामवासी घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामवासियों ने अथक प्रयास कर करीब एक घंटे के बाद आग पर किसी प्रकार काबू पाया। सूचना दिए जाने पर हल्का लेखपाल स्मृति शर्मा कुछ देर में मौके पर पहुंची और पीड़ित किसानों की सूची बनाकर शासन से हर सम्भव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।