बेल्थरारोड। उभांव पुलिस ने साधन सहकारी समिति लिमिटेड खंदवा और ननौरा के तत्कालीन सचिव राजेंद्र प्रसाद पर उर्वरक बिक्री के 6.85 लाख गबन किए जाने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई नगरा ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी सहकारिता शशांक सिंह की तहरीर पर किया है।
साधन सहकारी समिति लिमिटेड खंदवा और ननौरा के पूर्व सचिव राजेंद्र प्रसाद द्वारा समिति के आरकेवीवाई योजना के उर्वरक बिक्री की धनराशि 6 लाख 85 हजार 615 रुपये का गबन कर लिया गया। इनमें खंदवा में उर्वरक बिक्री का 2 लाख 95 हजार 627 तथा ननौरा में उर्वरक बिक्री का 3 लाख 89 हजार 988 रुपया शामिल हैं। आरोपी पूर्व सचिव द्वारा समिति के सभी महत्वपूर्ण अभिलेख, पीओएस मशीन को गायब कर दिया गया। इसकी पुष्टि अपर जिला सहकारी अधिकारी व प्रभारी रसड़ा की जांच आख्या में हुई है। इस मामले में पुलिस ने पूर्व सचिव के खिलाफ उर्वरक बिक्री का 6 लाख 85 हजार 615 रुपये गबन, सरकारी अभिलेखों व पीओएस मशीन को गायब करने को लेकर केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।