बेल्थरारोड। उपजिलाधिकारी राजेश कुमार यादव ने सोमवार को नगर क्षेत्र स्थित आधा दर्जन से अधिक दवा की दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों के पंजीयन, लाइसेंस और अन्य अभिलेखों की पड़ताल की। इस दौरान अधिकांश दुकानों के संचालन में अनियमितता पाई गई। कुछ दुकानों का जीएसटी का पंजीयन नहीं है तो कुछ दुकानों के पास वैध लाइसेंस का अभाव रहा। कुछ दुकानदारों ने लाइसेंस का शुल्क जमा कर दिया है, लेकिन उन्हें अभी तक लाइसेंस नहीं मिला है। अधिकांश दुकानों पर सोशल डिस्टेंस का अभाव देखने को मिला। इसे गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने दुकानदारों को लॉकडाउन का पालन करते हुए सामाजिक दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के अनुसार दुकान खोली जाए तथा उसके बाद प्रशासन द्वारा चिह्नित दुकानों से ही दवा की खरीदारी की जा सकती है। इस दौरान टीम ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान की भी जांच की। टीम द्वारा दुकान का कागजात नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। एसडीएम ने बताया कि दुकानों की जांच संबंधी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी। इस मौके पर जांच अधिकारी प्रवेश यादव, उभांव थानाध्यक्ष योगेंद्र बहादुर सिंह आदि रहे।