संवाद न्यूज एजेंसी
बैरिया। उत्तरी दीयरांचल में सरयू नदी में हो रहे कटान का जिलाधिकारी ने इसका संज्ञान लिया है। सोमवार को डीएम ने उपजिलाधिकारी बैरिया को कटान स्थल का निरीक्षण करने का आदेश दिया।
जिलाधिकारी के आदेश पर उपजिलाधिकारी बैरिया आत्रेय मिश्र ने सोमवार को गोपालनगर टाड़ी में सरयू नदी में हो रहे कटान स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान संज्ञान में आया कि पिछले वर्ष की तरह आबादी के पास कटान नहीं हो रहा था। इस समय सरयू नदी द्वारा बैक रोल कर के पीछे की तरफ की उपजाऊ भूमि का कटान किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ब्रहम बाबा के स्थान पर भी कटान हो रहा है।
इस संबंध में एसडीएम ने बाढ़ खंड के अधिकारी सहायक अभियंता अमृतलाल को फोन करके तुरंत कटान रोधी कार्य किए जाने के लिए निर्देशित किया। एसडीएम ने बताया कि जिलाधिकारी को भी पत्र के माध्यम से सरयू नदी से गोपालनगर टाड़ी में हो रहे कटान से अवगत कराया जाएगा। उप जिलाधिकारी ने तटवर्ती लोगों को भरोसा दिलाया है कि कटान रोधी कार्य करने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश भेजा जा रहा है, तटवर्ती लोग भी कटान से सतर्क रहें।