बलिया। स्कूल से लौट रहे एक सहायक अध्यापक की शनिवार की शाम सड़क हादसे में हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रसड़ा के मोतिरा निवासी अंजनी गुप्ता (45) पुत्र जयनारायण गुप्ता की तैनाती शिक्षा क्षेत्र बांसडीह के जूनियर हाईस्कूल मंगलपुरा पर बतौर सहायक अध्यापक थी। अंजनी गुप्ता का आवास हनुमानगंज के पास बलराम बिहार कालोनी में है। शनिवार की शाम अंजनी गुप्ता विद्यालय से घर लौट रहे थे। अभी वे हनुमानगंज स्थित होटल के पास पहुंचे थे, तभी उनकी स्कूटी में बेकाबू ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही प्राशिसं के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह समेत तमाम शिक्षक अस्पताल पहुंच गए। सभी ने शोक जताया है।