नवानगर। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लीलकर व रहिलापाली गांव के बीच शुक्रवार की देर शाम बदमाशों ने स्कूटी एजेंसी के संचालक को मारपीट कर घायल कर दिया। इस दौरान उनसे करीब 40 हजार रुपये छीन कर फरार हो गए। एजेंसी संचालक की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
बताया जाता है कि लीलकर गांव निवासी हेमेंद्र नारायण राय सिकंदरपुर कस्बा अंतर्गत जलालीपुर चट्टी पर बैटरी चालित स्कूटी की एजेंसी चलाते हैं। रोज की तरह राय शुक्रवार देर रात दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। वह ज्यो ही रहिलापाली गांव के पास पहुंचे करीब तीन बदमाशों ने अचानक उपर हमला कर दिया। इससे हमेंद्र नारायण और पीछे बैठे उनका मित्र गिर गए। मित्र तो किसी तरह जान बचाकर भागा लेकिन बदमाशों ने हेमेंद्र नारायण राय को मारपीट कर जख्मी कर दिया और उनके पास से 40 हजार रुपये भी छीन कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। शनिवार की सुबह राय ने पुलिस को तहरीर दी। इस बाबत थानाध्यक्ष योगेश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है।