बैरिया क्षेत्र के गोपालनगर टाड़ी गांव के भूमि को काटती सरयू नदी की लहरें।संवाद
बैरिया। गोपालनगर टाड़ी में सरयू नदी का कटान बुधवार को भी जारी रही। तेज कटान में नंदजी यादव, रामजीत यादव और लालसाहब के मकान नदी में समा गए।
उधर गोपालनगर टाड़ी में पिछले एक पखवाड़े के दौरान सरकारी आंकड़ों के अनुसार 27 लोगों के मकान सरयू नदी में समा चुके हैं। तहसील प्रशासन ने कुछ प्रभावित परिवारों को गृह अनुदान उपलब्ध करा दिया है, जबकि शेष को सहायता देने की प्रक्रिया जारी है। उपजिलाधिकारी शशिभूषण मिश्र ने बताया कि कटान पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उधर, संभावित स्वास्थ्य संकट को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए जिले के 142 रेड जोन गांवों में मेडिकल कैंप स्थापित किए जाएंगे। इन कैंपों के माध्यम से चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक दवाएं, प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराएंगे। सीएमओ डॉक्टर अभय नारायण राय ने कहा कि मेडिकल कैंपों में बुखार, डायरिया, त्वचा रोग, सर्पदंश, वायरल संक्रमण और जलजनित बीमारियों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रहेंगी।