बेल्थरारोड। पिछले एक सप्ताह से लाल निशान से ऊपर बहने वाली सरयू नदी का पानी रविवार को खतरे के निशान से नीचे आ गया। जलस्तर लाल निशान से नीचे हो जाने के बाद बाढ़ का खतरा फिलहाल टल गया है। खास तौर पर डेंजर जोन में बसे गांव के लोगों ने राहत की सांस ली है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार रविवार की शाम जल स्तर 63.970 मीटर दर्ज किया गया, जो लाल निशान 64.010 मीटर से चार सेंटीमीटर नीचे है। आयोग का कहना है कि एक- एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जलस्तर में गिरावट हो रही है। आयोग में अगले 24 घंटे में जलस्तर में गिरावट होने की संभावना जताई है। ऐसे में बाढ़ का खतरा फिलहाल टल गया है। बाढ़ का खतरा टल जाने से तटवर्ती दर्जनों ग्रामों के हजारों लोगों ने राहत की सांस ली है। लेकिन इसके बावजूद भी लोग नदी के मिजाज में अप्रत्याशित परिवर्तन को लेकर सशंकित हैं।