बैरिया। सुरेमनपुर दियरांचल के गोपालनगर टाड़ी गांव के सामने अभी भी कटान जारी है। भयभीत ग्रामीण अब अपना आशियाना उजाड़ कर अन्यत्र सुरक्षित स्थानों पर पलायन करने लगे हैं। पलायन करने वाले ग्रामीणों ने बताया कि लगता है अब गोपालनगर टाड़ी बस्ती नहीं बच पाएगी। लाख प्रयास के बावजूद कटान की गति कम नहीं हो रही है। जबकि पिछले एक महीने से बाढ़ विभाग कटान रोधी कार्य कर रहा है।
नदी की धारा का सीधा रुख गोपालनगर टाड़ी बस्ती की ओर है। इससे गांव के काटने का खतरा और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि चढ़ती लहरों और उतरती लहरों के बीच कटान का खतरा बहुत अधिक होता है। कटानरोधी जो भी कार्य यहां किया गया, उसका कोई भी अता-पता नहीं है। अधिकांश कटानरोधी कार्य सरयू की धारा के साथ बह गया है। फ्लड फाइटिंग के तहत बाढ़ खंड अभी भी कटानरोधी कार्य कर रहा है।
सरयू नदी का धारा का रुख सीधे गोपालनगर टाड़ी बस्ती की तरफ हो गया है। बाढ़ विभाग गांव को बचाने के लिए कटानरोधी कार्य कर रहा है। काफी लंबाई में सरयू नदी का कटान है। कटानरोधी कार्य से ही अभी तक गांव सुरक्षित है। गांव को सुरक्षित करने के लिए सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। - अमृतलाल, सहायक अभियंता, बाढ़ खंड, बलिया
सरयू नदी का पानी अभी स्थिर है। गोरखपुर में राप्ती का जलस्तर बढ़ रहा है। संभव है एक-दो दिन बाद सरयू का जलस्तर फिर बढे़। इसलिए गांव के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया था। जिनके घर कटान की जद में है, वहां राहत केंद्र में शरण लिए हुए हैं। 24 घंटे सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। - आत्रेय मिश्र, एसडीएम, बैरिया